राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी। जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ हुआ। चार सत्र में आयोजित कार्यशाला में जिलेभर के शीर्ष नेता अपेक्षित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
भाजपा ने कार्यशाला में संगठन, सरकार और चुनावी रणनीति को एक सूत्र में पिरोते कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को बूथ प्रबंधन से लेकर वैचारिक प्रशिक्षण तक को केंद्र में रखा। प्रशिक्षण के दौरान विकास, विचारधारा, नमो एप, सोशल मीडिया और एआई आधारित सरल एप के जरिये कार्यकर्ता तंत्र को तकनीकी रूप से सशक्त कर राष्ट्र के समक्ष उभरती चुनौतियों से निपटने की व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया।
प्रथम उद्घाटन सत्र को संबोधित करते सांसद संतोष पांडे ने कहा कि प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया है। जिससे कार्यकर्ताओं का बौद्धिक और वैचारिक विकास होता है। श्री पांडे ने पंच परिवर्तन कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी जागरण, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य एवं सामाजिक समरसता विषय पर सारगर्भित संबोधन दिया। अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने की।
दूसरे सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख अवधेश जैन ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण महाभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। अध्यक्षता शताब्दी पांडे ने की। इसी तरह तृतीय सत्र में तेजपाल शर्मा ने प्रशिक्षण में नवाचार की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। समापन सत्र में महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने शिरकत की। यह सत्र जिज्ञासा और समाधान विषय पर आधारित रहा।
इस दौरान सांसद महासमुंद ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के साथ हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने हेतु प्रतिबद्ध है। चतुर्थ सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ मां भारती के सामने दीप प्रज्जवलन और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यशाला की प्रस्तावना जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने रखी। वहीं कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सौरभ कोठारी एवं डिकेश साहू ने किया। कार्यशाला में सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, स्टेडियम समिति के सचिव रमेश पटेल, तरुण लहरवानी, रविन्द्र वैष्णव, बंटी लाल, मूलचंद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू सहित सभी मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के आपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


