राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। ग्रामीण क्षेत्र में गांजा परिवहन करने वाले आरोपी को पुलिस चौकी सुरगी ने कार्रवाई करते गिरफ्तार किया। आरोपी से लगभग पौने दो किलो गांजा तथा दोपहिया वाहन को जब्त किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकेश वर्मा निवासी कोहका भिलाई अपने स्कूटी में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राम भर्रेगांव से सुरगी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा चौकी के बाहर एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान एक स्कूटी को रोककर तलाशी लेने पर डिक्की में पीले-हरे रंग की प्लास्टिक बोरी में अवैध गांजा रखा हुआ पाया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 1.86 किलोग्राम गांजा कीमती 10 हजार रुपए तथा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी एक्टिवा कीमती लगभग 30 हजार रुपए को जब्त की गई। मामले में शून्य पर अपराध पंजीबद्ध कर थाना बसंतपुर में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया] जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।


