राजनांदगांव

गांजा बेचने के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
23-Feb-2026 4:52 PM
गांजा बेचने के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी।
शहर में गांजा विक्रय करने वाले फरार आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं पूर्व में मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी को गांजा बिक्री करते गिरफ्तार किया गया था। फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में थाना बसंतपुर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों एवं अवैध गांजा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत 12 फरवरी को मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी आसिफ खान निवासी  शुलभ के पास रानीसागर रोड थाना बसंतपुर के कब्जे से 1.323 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती लगभग 13 हजार रुपए को जब्त किया गया था।
आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी आसिफ  खान द्वारा बताया गया कि उक्त गांजा उसे खिलेश तुमरेकी उर्फ छोटू लड्डबू द्वारा बिक्री हेतु उपलब्ध कराया जाता था। इसके आधार पर आरोपी खिलेश तुमरेकी की तलाश की जा रही थी, जो घटना दिनांक से फरार था।
थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। 22 फरवरी को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट