राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले के विरूद्ध चौकी चिखली पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं वाद-विवाद कर शांति भंग करने वाले 2 बदमाश के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गांजा, शराब बिक्री व असामाजिक तत्व, गुुंडा बदमाश और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है अभियान कार्रवाई में 22 फरवरी को आम स्थान पर शराब पीने वाले आरोपी संत सिन्हा 45 साल साकिन वार्ड नं. 03 मोतीपुर के विरूद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई किया गया।
इसी तरह लड़ाई-झगड़ा कर परिशांति भंग करने वाले बदमाश राकेश सिन्हा 30 साल निवासी मोतीपुर वार्ड नं. 08 ओपी चिखली और अजय गढ़ेवाल 34 साल निवासी रामनगर हनुमान मंदिर गली वार्ड नं. 07 ओपी चिखली के विरूद्ध पृथक-पृथक धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।


