राजनांदगांव
मौखिक रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज, एएसपी से मिला प्रबंधन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। घुमका इलाके के मोंहदी स्थित केमिकल फैक्ट्री में भीषण आगजनी का हवाला देकर प्रबंधन ने 15 करोड़ रुपए का नुकसान होने का दावा किया है। प्रबंधन की ओर से मौखिक रूप से घटना में हुई हानि की जानकारी देने के बाद पुलिस ने एफआईआर किया है। पुलिस ने इस आधार पर अब जांच शुरू कर दी है। एएसपी कीर्तन राठौर से प्रबंधन की ओर से जिम्मेदार कर्मियों ने घटना की वजह और अन्य जानकारी साझा की है। एफआईआर के संबंध में एएसपी राठौर ने ‘छत्तीसगढ़’ से पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक 16 फरवरी को जया केमिकल प्लांट में अचानक भीषण आग लगने की घटना हुई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में तैयार केमिकल विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के लैब में उपयोग के लिए भेजा जाता था। हादसे के कारण 25 से 25 किमी तक धुंए की गुबार दिखाई पड़ी। वहीं खैरागढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, गंडई, डोंगरगढ़ से करीब 5 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि एएसपी ने थाना प्रभारी को 15 बिन्दुओं के आधार पर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के पश्चात आगे की कार्रवाई होगी।


