राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 फरवरी। शहर के गुरूनानक चौराहे में रविवार को फल खरीद रहे एक युवक की मोपेड को यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन मोपेड़ को नुकसान पहुंचा।
शहर के सर्विस लेन में तेज रफ्तार दौड़ रही यात्री बसों पर नकेल कसने में यातायात विभाग कमजोर साबित हो रहा है। यही कारण है कि यातायात व्यवस्था दिन-ब-दिन चरमरा रही है। यातायात विभाग द्वारा जनहित को लेकर कई तरह का अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन सुरक्षात्मक व्यवस्था देने में विभाग नाकाम हो रहा है। इधर आज सुबह फल खरीद रहे युवक के मोपेड़ को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। सौभाग्यवश युवक फल खरीदने के लिए दुकान में चला गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरूनानक चौक से नए बस स्टैंड की ओर जा रही एक यात्री बस ने सर्विस लेन में खड़ी मोपेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मोपेड़ को नुकसान हुआ।
बताया जा रहा है कि यातायात विभाग को लेन के किनारे फल एवं अन्य व्यापार करने वाले फुटकर कारोबारियों ने बसों की स्पीड पर लगाम कसने की मांग की है। कई बार शीतला मंदिर की ओर से आने वाली गाडिय़ां भी विपरीत दिशा में होने के चलते हादसे को न्यौता देती है। यही कारण है कि रोजाना छुटपुट सडक़ हादसे गुरूनानक द्वार के पास हो रहे हैं। इससे परे यातायात विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम करने की दिशा में पहल नहीं की जा रही है। ऐसे में यातायात विभाग के खिलाफ लोगों में नाराजगी पनप रही है।


