राजनांदगांव

नालंदा परिसर से केसीजी जिले को मिलेगा शैक्षणिक सशक्तिकरण-विक्रांत
22-Feb-2026 9:44 PM
नालंदा परिसर से केसीजी जिले को मिलेगा शैक्षणिक सशक्तिकरण-विक्रांत

  सवा 4 करोड़ से बनने वाला नालंदा परिसर का भूमिपूजन  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 फरवरी। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 4 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले नालंदा परिसर का भूमिपूजन समारोह विधिवत रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला के लिए नालंदा परिसर की स्वीकृति प्रदान की गई है, जो जिले की शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री अरुण साव तथा सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। नवीन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के समग्र विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों एवं जनहित योजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है। नालंदा परिसर के निर्माण से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, टीके चंदेल, गिरजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, देवीनबाई कोठले, मोनिका रजक, शशांक ताम्रकार, नंद चंद्राकर, गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, हर्ष वर्मा, अनुज देवांगन, आलोक श्रीवास, हरप्रसाद वर्मा, केशव चंदेल, प्रेमसागर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट