राजनांदगांव
राजनांदगांव, 21 फरवरी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते एवं शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व कर की प्राप्ति के लिए नगर निगम सीमांतर्गत संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर एवं दुकान किराया की वसूली को दृष्टिगत रखते नगर निगम कार्यालय अवकाश के दिनों में भी निगम कार्यालय के राजस्व विभाग चालू रहेगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप करने महापौर मधुसूदन यादव एवं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर कर दाताओं की सुविधा हेतु कर की राशि जमा करने समस्त अवकाश के दिनों में (होली को छोडक़र) राजस्व कार्यालय खुला रहेगा। राजस्व कार्यालय में राजस्व निरीक्षक, सभी राजस्व उप निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक एवं वार्ड प्रभारी उपस्थित रहेंगे। राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी ने कहा कि कर का भुगतान समय-सीमा में नहीं करने पर अधिभार सहित बकाया कर की वसूली की जाएगी। साथ ही बड़े बकायेदारों का नल विच्छेदन व कुर्की के अलावा दुकानें सील करने की कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने करदाताओं से अपील करते कहा है कि अपने बकाया कर, संपत्ति कर, जलकर समेकितकर के अलावा दुकान किराया का भुगतान कर आर्थिक भार से बचे।


