राजनांदगांव

अंतरराज्यीय शराब तस्करी में 6 आरोपी गिरफ्तार
17-Feb-2026 7:44 PM
अंतरराज्यीय शराब तस्करी में 6 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 फरवरी। अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी पर राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते 2 मामले में कुल 29 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित शराब जब्त किया। छत्तीसगढ़ में बिक्री के लिए परिवहन करते बागनदी व डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा कुल अंग्रेजी शराब 29 पेटी कीमती 3 लाख 2 हजार 610 रुपए को जब्त किया। पुलिस ने दो प्रकरणों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार एवं घटना में प्रयुक्त 2 चार पहिया वाहन कुल कीमती 18 लाख रुपए को जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

 17 फरवरी को साइबर सेल व बागनदी थाना की संयुक्त टीम द्वारा  बागनदी चौक के पास कार में परिवहन करते 02 आरोपियों के कब्जे से 228 बल्क लीटर कीमती 2 लाख 82 हजार 630 रुपए एवं थाना डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के देवकट्टा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर परिवहन करते काले रंग की स्कॉर्पियों वाहन में 04 आरोपियों के कब्जे से 32.04 बल्क लीटर कीमती 19 हजार 980 रुपए को जब्त की गई।  इस प्रकार उपरोक्त प्रकरणों में कुल 06 आरोपियों के कब्जे से दो चारपहिया वाहनों में कुल अंग्रेजी शराब 29 पेटी कीमती 3 लाख 02 हजार 610 रुपए को जब्त की गई।

बागनदी पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित 25 पेटी शराब  एवं एक सफेद रंग की कार को जब्त किया। जिसमें आरोपी तोषण ठाकुर 30 वर्ष निवासी वार्ड नं. 20 सरस्वती नगर रायपुर एवं अनुराग सिंह राजपूत 32 वर्ष निवासी वार्ड नं. 20 कोटा सरस्वती नगर रायपुर तथा दूसरे प्रकरण डोंगरगढ़ में जब्त मध्यप्रदेश निर्मित 4 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब एवं एक काले रंग की स्कार्पियो वाहन तथा गिरफ्तार आरोपी प्रहलाद निर्मलकर 22 वर्ष  ग्राम सलोनी डोंगरगढ़,  नोहर वर्मा 24 वर्ष ग्राम अन्या नवागांव, लाकेश कंवर 21 वर्ष ग्राम पिपरिया डोंगरगढ़ तथा दामेंद्र कुमार साहू 19 वर्ष ग्राम नागतराय डोंगरगढ़ शामिल है।


अन्य पोस्ट