राजनांदगांव
राजनांदगांव, 17 फरवरी। शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए पुलिस ने सीआईटी बायपास एवं ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा से भारी वाहनों का डायवर्सन किया। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से सुबह 9 से रात्रि 9 बजे तक सीआईटी बायपास एवं ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग से भारी वाहनों का डायवर्सन किया जा रहा है। वर्तमान में शहर का निरंतर विस्तार एवं वाहनों की संख्या में वृद्धि होने से पेंड्री, राज इम्पीरियल चौक, आरके नगर चौक, बीजेपी कार्यालय तिराहा एवं रामदरबार चौक में यातायात का अत्याधिक दबाव बना रहता है। विशेषकर सुबह एवं शाम काम पर आने -जाने के समय एवं आम नागरिक अपने दैनिक कार्यों के लिए घर से बाहर निकलते हैं। जिससे भारी वाहनों के शहर में प्रवेश करने पर सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
इसी को दृष्टिगत रखते शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पूर्व से निर्मित बायपास मार्ग से भारी वाहनों का डायवर्सन सुनिश्चित किया गया है। सीआईटी कट चौक और ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चालू रखने पॉइंट ड्यूटी पर जवान तैनात किया गया है। साथ ही डायवर्सन फ्लेक्स लगाया गया है। यातायात पुलिस की भारी वाहन चालकों से अपील है कि सुबह 9 से रात्रि 9 बजे तक भारी वाहन चालक शहर में प्रवेश न करें। आवागमन के लिए ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी चौक से बायपास मार्ग का उपयोग करें, बायपास मार्ग में ओवरटेक न करें। मार्ग में वाहन खड़ा न करें, आपात स्थिति में ही वाहन फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थान पर खड़ा करें।


