राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। मोहल्ले में शराब पीकर गाली-गलौज, मारपीट कर शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने के उपरांत आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि 15 फरवरी को लगभग 01 बजे वह डोंगरगांव से कार्य कर घर वापस आया तो मोहल्ले में लोगों की भीड़ लगी थी। उसी दौरान एक महिला ने बताया कि मोहल्ले का निवासी विकास यदु शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा है। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी ने पास में रखा पत्थर का टुकड़ा प्रार्थी के घर की ओर फेंक दिया तथा मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते जान से मारने की धमकी दी और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 296, 351(2), 119(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आरोपी विकास यदु को त्वरित कार्रवाई करते गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।


