राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने केंद्रीय बजट 2026 को किसान, युवा, महिला और व्यापारियों के हित में बताया है। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने वाला तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस कदम है।
डॉ. साहू ने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि बजट में युवाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। देश में पांच नई युनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित करने की घोषणा की गई है। जिससे उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे शिक्षा के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर भी बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई है। ग्रामीण महिलाओं के लिए ‘सी मार्ट’ की घोषणा तथा लखपति दीदी योजना के विस्तार का ऐलान किया गया है। डॉ. साहू ने कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी बजट में प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। जिससे देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
डॉ. साहू ने व्यापारियों को राहत देने किए गए प्रावधानों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि टैक्स संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है और आयकर रिटर्न भरने की तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिससे करदाताओं को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 समावेशी विकास का दस्तावेज है, जो किसान, युवा, महिला, व्यापारी और आम नागरिक सभी के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


