राजनांदगांव
महापौर ने ली सफाई कर्मियों की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा वेतन की मांग को लेकर दो दिन से हड़ताल किया गया था, जिस पर महापौर मधुसूदन यादव ने सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों तथा सफाई कर्मियों की नगर निगम समागृह में बैठक बुलाई। बैठक में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल तथा पूर्व पार्षद शरद सिन्हा के अलावा सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक की उपस्थिति में सफाई कर्मियों से चर्चा हुई।
बैठक में महापौर श्री यादव ने उनकी मांगों पर चर्चा की। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सहित सफाई कर्मियों ने दो माह का वेतन देने की मांग संबंधी विषय पर चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि निगम में फंड की कमी के कारण वेतन देने में विलंब हो रहा है। विगत एक माह एसआईआर में निगम अमला सहित राजस्व के कर्मचारियों की ड्यूटी लगने के कारण वसूली भी प्रभावित हुई। इसके अलावा शासन से आने वाली राशि भी शासन स्तर पर समायोजित हो गया। जिसके कारण निगम में आर्थिक कठिनाई आई।
वर्तमान में राजस्व वसूली में जोर दिया जा रहा है। बड़े बकायादारों पर शिकंजा भी कस रहे है। साथ ही शासन से वेतन के लिए राशि की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि दिसंबर एवं जनवरी माह का वेतन नियमित एवं मस्टररोल कर्मचारियों को दिया जाएगा तथा फरवरी माह का वेतन मार्च में 10 से 15 के बीच किया जाएगा। साथ ही इसी बीच ठेका श्रमिकों को भी स्थिति आधार पर भुगतान किया जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि हमारी प्राथमिकता सफाई कर्मियों को पहले वेतन देने का रहता है। किसी भी प्रकार की मांग पर आंदोलन करने की बजाय अध्यक्ष सहित 5 पदाधिकारी समय लेकर चर्चा करें। आपस में बैठकर निर्णय लिया जाएगा। चर्चा उपरांत सौहाद्र्रपूर्ण वातावरण में दो माह के वेतन के लिए सहमति देते हड़ताल समाप्त की गई।


