राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 फरवरी। नगर निगम द्वारा सिंगदई वार्ड नं. 50 में अधोसंरचना मद अंतर्गत 12 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया है। जिसका महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों की उपस्थिति में एक संक्षिप्त एवं गरिमामय आयोजन में फीता काटकर पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पार्षद मुकेश साहू सहित भरत साहू, राकेश रावटे, अरूण देवांगन उपस्थित थे। इस अवसर पर महापौर श्री यादव ने वार्ड में आयोजित दो दिवसीय जस झांकी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया।
महापौर श्री यादव ने कहा कि आप लोगो की मांग पर सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया। जिसका आज लोकार्पण किया जा रहा है। भवन निर्माण होने से वार्ड के लोगों को सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त उचित स्थान मिल गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक डॉ. रमन सिंह एवं सांसद संतोष पाण्डे के सहयोग से शहर के सभी वार्ड मे विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भवन के सामने शेड निर्माण की मांग की गयी है, जिसे भी जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही सुलभ शौचालय तथा आंगनबाड़ी भवन का भी मरम्मत कराया जाएगा।
महापौर ने कहा कि आज सिंगदई की पावन धरा में आयोजित दो दिवसीय जस झाकी प्रतियोगिता के शुभारंभ करने का अवसर मिला। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन के लिए मंै सिंगदई वासियो को धन्यवाद देता हॅू। उन्होंने कहा कि जस प्रतियोगिता में माता के चरित्रों का झाकी के माध्यम से विभिन्न मण्डलियो द्वारा प्रस्तुति दी जाती है। प्रतियोगिता के बाद इसे भुलना नहीं है, बल्कि इसे हमें आत्मसात कर अपने जीवन में अमल करना है।
पार्षद मुकेश साहू ने कहा कि वार्डवासियों की सुविधा के लिए भवन का निर्माण किया गया। कार्यक्रम के टीकम निषाद, जीवन मानिकपुरी, राहुल निषाद, टीकेश वैष्णव, पूनेश कुंजाम, किशन साहू, डोमन निषाद, महेन्द्र दास वैष्णव, ननकीबाई साहू, अश्वनी साहू, तिलक निषाद ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
तत्पश्चात अतिथियों ने पूजा अर्चनाकर सामुदायिक भवन का विधिवत लोकापर्ण किया। लोकार्पण पश्चात महापौर श्री यादव ने जस झांकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिंगदईवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


