राजनांदगांव
राजनांदगांव, 14 फरवरी। नगर निगम के सभागृह में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बिदाई समारोह में स्वास्थ्य विभाग में सफाई दरोगा के पद में कार्यरत रामशरण रगडे एवं सफाई कर्मी के पद में कार्यरत शांतिबाई को सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्वक बिदाई दी गई। कार्यक्रम में आयुक्त सहित कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को माला पहनाकर, शाल, श्रीफल से सम्मानित किया गया तथा अवकाश नगदीकरण का चेक दिया गया।
बिदाई समारोह में आयुक्त ने कहा कि गत माह की समाप्ति में हमारे निगम परिवार के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 02 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। जिनके सम्मान में आज कार्यक्रम आयोजित किया गया है। दोनों कर्मचारी सफाई से जुड़े है, इस वजह से वार्ड निरीक्षण के दौरान इनसे सुबह मुलाकात हो जाती थी। इन्होंने समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सफाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सीमित संसाधनों में लंबे समय तक समय देकर निष्ठापूर्वक कार्य किए। जिसके लिए हम आभारी है।
साथ ही इनके परिवार के भी हम आभारी है, जिन्होंने सर्विस कार्य में इनका सपोट किया। अब ये अपने परिवारिक दायित्वों का अच्छे तरीके से निर्वहन करेंगे।
कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे ने कहा कि अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सफाई विभाग में अपना अमूल्य समय देकर सेवानिवृत्त हुए। इन्होंने जिस तरीके से अपने कार्यों को किया वह अनुकरणी है। स्वास्थ्य अधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि हमारे स्वास्थ्य विभाग में बहुत लंबे समय तक उन्होंने सेवा देकर अच्छे तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन किए, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। बिदाई समारोह का संचालन प्र.कार्यालय अधीक्षक नारायण यादव ने किया। इस अवसर पर सहायक लेखाधिकारी राकेश नंदे सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


