राजनांदगांव
राजनांदगांव, 13 फरवरी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर सत प्रतिशत राजस्व वसूली के लिए नगर निगम राजस्व वसूली में कड़ाई बरत रही है। जिसके लिए जहॉ दुकानों की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर सीलबंदी की कार्यवाही कर रही है, वही सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायादारों को भी नोटिस जारी कर भुगतान नहीं करने की स्थिति में नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही की कड़ी में आज हाट बाजार व्यवसायिक परिसर के प्रथम तल की 14 दुकाने जिनकी बकाया प्रीमियम को देखते हुए सील करने की कार्यवाही की गयी।
वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिये निगम द्वारा जोर दिया जा रहा है, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे है और सत प्रतिशत वसूली के लिए बकायादारो को नोटिस जारी कर कार्यवाही के निर्देश दे रहे है। निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर बकाया करो का भुगतान नही करने की स्थिति में कार्यवाही कर रही है।
आज की कार्यवाही में हाट बाजार व्यवसायिक परिसर के प्रथम तल मे निर्मित 20 दुकानों की विधिवत नीलामी की गयी थी, नीलामी उपरांत प्रक्रिया कर दुकानदारों को प्रीमियम की राशि जमा करने कहा गया। जिस पर भूतल के 20 दुकानदारों एवं प्रथम तल के 6 दुकानदारों ने प्रीमियम जमा किया तथा शेष 14 दुकानदारों ने राशि जमा नही की, जिन्हे प्रीमियम जमा नही करने पर नोटिस जारी की गयी। बार बार नोटिस प्रेषित किये जाने के उपरांत भी बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं करने पर आज राजस्व अधिकारी श्री तिवारी सहित राजस्व निरीक्षक हितेश ठाकुर एवं राजस्व उप निरीक्षक राजकुमार बंजारे व निगम का राजस्व अमला उपरोक्त 14 दुकाने सील करने की कड़ी में ताला जडऩे की कार्यवाही किये।


