राजनांदगांव
कांग्रेस नेता आसिफ अली का आंदोलन रंग लाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। स्टेशनपारा क्षेत्र में वर्षों से अधूरे पड़े रेलवे अंडरब्रिज निर्माण को लेकर कांग्रेस नेता आसिफ अली द्वारा किए गए जनहित आंदोलन, ज्ञापन और चक्काजाम की चेतावनी का असर अब सामने आने लगा है। आंदोलन के पश्चात स्टेशन मास्टर द्वारा आसिफ अली को सूचना दी गई कि उनके ज्ञापन के उपरांत नागपुर डिवीजन से अभियंता चर्चा हेतु राजनांदगांव आ रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को स्टेशन प्रबंधक राजनांदगांव के कक्ष में कांग्रेस नेता आसिफ अली की नागपुर डिवीजन के अभियंता अंशुमन शुक्ला से अंडरब्रिज निर्माण को लेकर विस्तृत, गंभीर एवं तकनीकी चर्चा हुई। चर्चा के पश्चात अभियंता अंशुमन शुक्ला, कांग्रेस नेता आसिफ अली एवं उनके सहयोगियों के साथ अंडरब्रिज निर्माण स्थल पर पहुंचे और शेष कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। श्री शुक्ला ने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण में पुशिंग का कार्य मुख्य रूप से शेष है। जिसके अंतर्गत कुल 44 मीटर क्षेत्र में रेलवे पटरी के नीचे 11-11 मीटर के चार विशाल कंक्रीट निर्मित बॉक्स को क्रमबद्ध तरीके से स्थापित किया जाएगा। यह अत्यंत संवेदनशील तकनीकी प्रक्रिया है। जिसमें लगभग एक माह का समय लगेगा। इस दौरान पटरी से गुजरने वाली सभी यात्री एवं मालगाडिय़ों की गति मानक अनुसार अत्यंत सीमित रखनी होती है। जिसके लिए रेलवे विभाग से विशेष अनुमति आवश्यक होती है।
चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता आसिफ अली के कहने पर अभियंता अंशुमन शुक्ला ने इस अंडरब्रिज निर्माण के इंचार्ज वरिष्ठ अभियंता मिनेश कुमार से मोबाइल पर भी वार्ता करवाई, जिसमें मार्च माह में कार्य प्रारंभ कर जून तक पूर्ण करने की बात कही गई।
इस पर कांग्रेस नेता आसिफ अली ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि यदि मार्च में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो चक्काजाम व उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। इस दौरान पार्षद छोटेलाल रामटेके, विशाल गड़े, पंचराम निषाद, गोपाल सिन्हा, जितेंद्र साहू, शेख अनीश उपस्थित थे।


