राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 फरवरी। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को महापौर परिषद की बैठक नगर निगम स्थित महापौर कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में निर्माण कार्य हेतु आहुत निविदा दर, दुकान के उच्चतम बोली की स्वीकृति, राजस्व कर, प्रधानमंत्री आवास एवं भू-जल स्तर बढ़ाने संबंधित विषयों पर चर्चा उपरांत निर्णय लिया गया।
महापौर श्री यादव ने बताया कि दुर्गा चौक, जिला अस्पताल क्षेत्र में पानी निकासी के लिए अधोसंरचना विकास योजनांतर्गत नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण हेतु आहुत निविदा दर की अनुशंसा की गई। इसके अलावा दुकान नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली तथा भूमि या भवन के प्रत्येक स्वामी अपनी भूमि या भवन का वार्षिक भाडा मूल्य विवरणी भर सम्पत्तिकर का भुगतान संबंधी विषय की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 अंतर्गत निकाय क्षेत्रांतर्गत आबादी (प्रचलित/सुरक्षित) भूमि पर काबिज परिवारों को योजना में शामिल कर लाभान्वित करने तथा शासन की पं.दीनदयाल उपाध्याय भू-शहरी अंतर्गत जल संवर्धन मिशन जिसके तहत भूजल के स्तर को नीचे गिरने से रोकना तथा वर्षाजल संचय के माध्यम से भूजल स्तर मे वृद्धि करना और वर्षा जल संचय के लिए स्थल चयन की स्वीकृति दी गई।
बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, बिना धु्रव, शैंकी बग्गा, केवरा विजय राय, वर्षा शरद सिन्हा, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू एवं राजा माखीजा सहित नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे, प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम, प्र.सहायक अभियंता सुषमा साहू, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, प्र.कार्यालय अधीक्षक नारायण यादव सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।


