राजनांदगांव
बसंतपुर की महिलाओं ने एसपी से लगाई गुहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। शहर के बसंतपुर वार्ड नं. 46 की महिलाओं ने गुरुवार को एसपी अंकिता शर्मा से मुलाकात कर दो सगे भाईयों के बढ़ते आतंक पर रोक लगाने व जिला बदर की मांग की है। पिछले कुछ दिनों से दोनों सगे भाई आए दिन मोहल्लेवासियों की बेवजह पिटाई और मारपीट कर रहे हैं। ऐसे में त्रस्त महिलाओं ने आज एसपी से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई और दोनों भाईयों को जिले से बेदखल करने की मांग रखी।
मिली जानकारी के मुताबिक बसंतपुर के क्लब चौक के इलाके में रहने वाले राहुल राजपूत (गुज्जर) व नाबालिग भाई का आए दिन मोहल्लेवासियों से झगड़ा और विवाद हो रहा है। पिछले दिनों नशे में धुत्त राहुल राजपूत ने जय मेश्राम नामक युवक से बेवजह मारपीट की और उसका हाथ तोड़ दिया। इसी तरह मोहल्ले के अलग-अलग लोगों से भी दोनों भाई मारपीट करने के लिए आमादा रहते हैं। इससे त्रस्त होकर आज दो दर्जन से ज्यादा महिलाओं ने एसपी से मुलाकात कर दोनों भाईयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही दोनों भाईयों का जिला बदर करने के लिए भी एसपी से गुहार लगाई।
एसपी सुश्री शर्मा ने पीडि़त महिलाओं को उचित कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया। बसंतपुर के रहने वाले दोनों भाई सूखा नशा करते हैं। जिसके चलते दोनों हर किसी के साथ मारपीट करने आमादा रहते हैं।


