राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। भाजपा नेता शशिकांत द्विवेदी छत्तीसगढ़ राज्य मार्कफेड के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर सहकारी संस्थाएं के पंजीयक कुलदीप शर्मा ने एक आदेश जारी कर द्विवेदी को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया है। शशिकांत जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भी हैं।
वह सहकारिता के क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं। किसानों के लिए नई योजनाओं को मूर्त रूप देने के अलावा पार्टी से मिले टॉस्क को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए भी द्विवेदी जाने जाते हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा के अलावा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप उन्हें मौका मिला है। द्विवेदी गुरुवार दोपहर बाद पदभार ग्रहण कर सकते हैं।
अध्यक्ष मनोनीत हुए द्विवेदी मार्कफेड में बतौर वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उनके पूर्व के अनुभवों को महत्व देते हुए सरकार ने अध्यक्ष नियुक्त किया है।


