राजनांदगांव
2008 बैच के आईपीएस मप्र के कई जिलों में रहे एसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। बालाघाट रेंज के नए आईजी ललित शाक्यवार ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उनका बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने आत्मीय स्वागत किया। श्री शाक्यवार पिछले माह डीआईजी से आईजी के पद पर प्रमोट हुए। आईजी प्रमोशन के बाद उनकी फील्ड में पहली पोस्टिंग है। 2008 बैच के आईपीएस शाक्यवार मध्यप्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में बतौर एसपी सेवाएं दे चुके हैं। वह छतरपुर, रीवा, बैतूल, कटनी, सिवनी में पदस्थ रहे हैं। उन्होंने 2004 बैच के आईपीएस संजय कुमार का स्थान ग्रहण किया। कुमार को राज्य सरकार ने भोपाल पुलिस कमिश्नर के रूप में बड़ा दायित्व दिया। इधर शाक्यवार ने पदभार ग्रहण करने के बाद छत्तीसगढ़ के सरहदी जिलों की गतिविधियों से लेकर शहरी पुलिसिंग के संबंध में जानकारी ली। बालाघाट रेंज बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिला शामिल है। ‘छत्तीसगढ़’ से संक्षिप्त चर्चा में श्री शाक्यवार ने कहा कि नक्सल क्षेत्रों के अलावा शहरी पुलिसिंग पर उनका विशेष ध्यान रहेगा। आम लोगों को उचित न्याय मिले, इस दिशा में पुलिस शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।