राजनांदगांव

कर्मचारियों से बदसलूकी, हटाए गए प्रभारी कुलसचिव
05-Feb-2026 3:49 PM
कर्मचारियों से बदसलूकी, हटाए गए प्रभारी कुलसचिव

खैरागढ़ संगीत विवि के कुलसचिव की प्रतिनियुक्ति समाप्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव/खैरागढ़, 5 फरवरी। खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव को युनिवर्सिटी के कर्मियों से बदसलूकी करना महंगा पड़ गया। प्रभारी कुलसचिव पर दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाते पिछले दो दिनों से युनिवर्सिटी के गैरशिक्षक व कल्याणकारी संघ के संयुक्त मोर्चा के कर्मचारियों ने हड़ताल किया।

राज्य सरकार ने बढ़ते विवाद के बीच प्रभारी कुलसचिव को पद से हटाते उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय में पदस्थ डॉ. सौमित्र तिवारी प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनका युनिवर्सिटी के कर्मचारियों से वाद-विवाद था। इसके पीछे तिवारी का व्यवहार एक बड़ा मसला बन गया। उन पर बदसलूकी करने का आरोप लगता रहा। उन्हें हटाने की मांग को लेकर कर्मियों ने हड़ताल कर दी।

आखिरकार कर्मचारियों की मांग के सामने झुकते राज्य सरकार ने तिवारी को उनकी मूल पदस्थापना अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में पदस्थ कर दिया। अवर सचिव के द्वारा राज्यपाल के नाम तिवारी को हटाने का आदेश जारी हुआ। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता इसलिए चुना, क्योंकि तिवारी का मिजाज कर्मचारी विरोधी था। हड़ताल के दौरान कर्मियों ने सुंदरकांड पाठ के साथ आंदोलन की शुरूआत की थी। कर्मचारी द्वारा कुलपति, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन भी सौंपा था, तब यह मामला शासन स्तर तक पहुंचा।


अन्य पोस्ट