राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी। पखवाड़ेभर पहले वृद्ध महिला को कुचलकर भागने वाले बाइक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला खैरागढ़ जिले के गंडई थाना क्षेत्र का है। 16 जनवरी को आरोपी एक्सीडेंट के बाद फरार हो गया था। फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को सुबह लगभग 7.40 बजे ललिता साहू ग्राम मरदकठेरा थाना गंडई अपने घरसे खेत में बोये चना-गेहूं की निंदाई व रखवाली करने के लिए मरदकठेरा खार के लिए पैदल खाना डिब्बा लेकर निकली थी। करीब 8 बजे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड से गुजर रही थी कि कालेगोंदी की ओर से आ रहे अज्ञात लाल रंग के पल्सर मोटर साइकिल के चालक द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाकर जोरदार ठोकर मारकर एक्सीडेट कर भाग गया। एक्सीडेट से ललिता साहू के सिर में चोट लगने से मौके पर मृत्यु हो गई। अज्ञात आरोपी लाल रंग के पल्सर मोटर साइकिल के चालक द्वारा तेज व लापरवाही वाहन चलाकर मृत्यु कारित करना पाए जाने से अपराध धारा 281, 106 (1) बीएनएस का घटित करना पाए जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
केसीजी पुलिस द्वारा अज्ञात मोटर साइकिल के चालक का सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोटर साइकिल का हेड लाईट वाईजर को बनवाने सहसपुर लोहारा रामा बजाज शोरूम ले गया था, जहां से आरोपी का पता चलने पर पल्सर मोटर साइकिल के चालक शैलेन्द्र निर्मलकर ग्राम ईरिमकसा थाना गंडई का होना पाए जाने से तलब कर पूछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार किया गया।
प्रकरण में धारा 105 बीएनएस जोडी गई है। घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया है।


