राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी। नगर देवांगन समाज के मां परमेश्वरी महोत्सव में रविवार को दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराया गया। सतनाम भवन में कराए गए आदर्श विवाह में समाज ने घराती बनकर बारातियों का स्वागत किया। गुदुम बाजा के साथ बारात को जीई रोड पर घुमाया गया। बाद में रीति-रिवाज के साथ मंडप पर विवाह संपन्न कराया गया। समाज की तरफ से दोनों नवविवाहित जोड़ों को उपहार के रूप में घरेलू सामान दिए गए।
समाज के संरक्षक दयावान देवांगन व अध्यक्ष शोभाराम देवांगन ने बताया कि महोत्सव में हर वर्ग की सहभागिता रही। आदर्श विवाह में समाज की परंपरा के अनुसार सारे नेग कराए गए। बारातियों का स्वागत भी पारंपरिक ढंग से गुदुम बाजा के साथ किया गया। आयोजन स्थल से परघौनी करते बैला पसरा से गुरुद्वारा चौक होकर वापस सतनाम भवन में विवाह संपन्न कराया गया। दोनों जोड़ों को बर्तन, कपड़े आदि उपहार के रूप में दिए गए।
देवांगन समाज ने मनाया परमेश्वरी महोत्सव
नगर देवांगन समाज द्वारा कुलदेवी मां परमेश्वरी महोत्सव का आयोजन दो सत्रों में किया गया। सुबह 10 बजे पूजा-आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। परिचय सम्मेलन, डांस और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता के बाद रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई। दोपहर 2 बजे उदघाटन सत्र में महापौर मधुसूदन यादव और पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा अतिथि के रूप में शामिल हुए। समापन सत्र में खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन मुख्य अतिथि रहे। अतिथियों के रूप में पूर्व महापौर हेमा देशमुख, खनिज निगम के पूर्व अध्यक्ष रमेश डाकलिया, पूर्व पार्षद अशोक फडऩवीस, पप्पू धकेता, पूर्व एल्डरमैन झम्मन देवांगन, कांग्रेस प्रवक्ता अनिस खान, सूरज शर्मा व नवीन जायसवाल भी मंचस्थ रहे।


