राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी। सार्वजनिक स्थान पर सट्टा का संचालन करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु कार्रवाई की गई। 2 फरवरी को भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लखोली स्थित अटल आवास मुरूम खदान के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर सट्टा-पट्टी लिखकर रुपए-पैसों का दांव लगवा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई, जहां आरोपी कलीम खान अटल आवास लखोली को सट्टा-पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नगदी रकम 340ए एक डॉट पेन एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा सट्टा संचालन नीलकंठ जायसवाल उर्फ बंटी नवागांव चिखली के लिए करना बताया गया। पुलिस द्वारा दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने भी सट्टा संचालन में संलिप्त होना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।


