राजनांदगांव
बजट आंकड़ों का मायाजाल - शाहिद
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री शाहिद भाई ने कहा कि बार-बार भाजपा सरकार विकसित भारत और मिशन 2047 की ढोल पीटती है। आम जनता के लिए बजट में कुछ नहीं है। खनिज संपदाओं को लूटने खनिज कारीडोर, कितने स्मार्ट सिटी बने, बुलेट ट्रेन कहां है, यह बताने में फेल भाजपा सिर्फ विकास का सब्जबाग दिखाती है। कुल मिलाकर बजट आंकड़ों का मायाजाल के अलावा कुछ नहीं है, क्योंकि जब पिछले बजट की राशि ही खर्च नहीं हुई, ऐसी दशा में विकसित भारत का संकल्प बेमानी है।
आर्थिक विकास को गति देने वाला बजट- ऋषिदेव
भाजपा जिला मंत्री ऋषिदेव चौधरी ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की दूरदर्शी नीतियों का प्रतिबिंब है, जो आर्थिक विकास को गति देने, जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के तीन प्रमुख कर्तव्यों पर आधारित है। यह बजट न केवल आर्थिक मजबूती प्रदान करता है, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाता है।
युवाओं के हक पर डाका- आफताब
युवक कांग्रेस महासचिव आफताब अहमद ने कहा कि यह बजट देश और हमारे क्षेत्र के युवाओं के साथ सरासर अन्याय है। इस बजट में युवाओं के लिए न तो ठोस रोजगार योजना है और न ही बढ़ती बेरोजगारी से निपटने का कोई रोडमैप। बजट में सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को टैक्स में राहत दी, कॉर्पोरेट सेक्टर को प्रोत्साहन दिया, लेकिन युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों, नई भर्तियों और रोजगार सृजन पर कोई ठोस घोषणा नहीं की। इस साल के बजट में न रेलवे, न बैंक, न शिक्षा और न ही स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े लाखों पदों को भरने की कोई समय-सीमा तय की गई।
योजनाओं का लाभ मिलेगा - आशीष
भाजयुमो महामंत्री आशीष जैन ने कहा कि भारत देश को दुनिया का स्किल और सर्विस कैपिटल बनााने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनीमशेन, विजुअल इफेक्ट, गेमिग, कॉम्क्सि (एवीसीजी) की स्थापान एवं पूर्वी भारत में नया एनआईडी, क्रिएटिव डिजिटल करियर, यह कदम मोबाइल पर कंटेट देखने वाली युवा पीढ़ी को ही एनीमेशन, गेमिंग और डिजाइन में ग्लोबल करियर बनाने वाली क्रिएटिव फोर्स में बदलने की नींव रखता है।
अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान को मिलेगा नया बल- इरफान
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. इरफान शेख ने देश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताते इसे विकसित भारत का बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में तैयार यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम है। इस बजट में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के लिए 3400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ा हुआ बजट अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक उत्थान, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विकसित भारत की दिशा की ओर कदम - रवि
पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि यह बजट देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। बजट सर्वस्पर्शी है। जिसमें मध्यम वर्ग, युवा, किसान और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। आयकर व्यवस्था में प्रस्तावित राहत से मध्यम वर्ग और नौकरी-पेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। जिससे उनकी क्रय-शक्ति और बचत क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही पूंजीगत व्यय (इन्फ्रास्ट्रक्चर) में बढ़ोतरी से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जो युवाओं के लिए सकारात्मक संकेत है।
केंद्रीय बजट से जनता निराश- विशु
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने बजट को किसान, मजदूर और युवाओं के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की वास्तविक समस्याओं को नजर अंदाज़ कर केवल बड़े उद्योगपतियों और कॉरपोरेट सेक्टर को लाभ पहुंचाने वाला है। महंगाई, बेरोजग़ारी और रोज़मर्रा की ज़रूरतों के बढ़ते खर्चों पर बजट में कोई ठोस राहत नहीं दी गई है, जो सरकार की जनविरोधी मानसिकता को साफ तौर पर उजागर करता है।
पर्दा डालने वाला जुमला बजट - अभिमन्यु
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय बजट देश की जनता की उम्मीदों के साथ खुला धोखा है। यह बजट न महंगाई से राहत देता है, न बेरोजग़ारी पर वार करता है और न ही किसानों की बदहाली का कोई समाधान पेश करता है। पूरे बजट में सिर्फ आंकड़ों का खेल और झूठी उपलब्धियों का बखान है। आज देश का आम नागरिक महंगाई से कराह रहा है रसोई गैस, पेट्रोल.डीजल और खाद्य वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं, लेकिन बजट में इन पर एक शब्द की भी ठोस राहत नहीं दी गई। यह सरकार की जनविरोधी मानसिकता को उजागर करता है।


