राजनांदगांव

दोगुना रकम दिलाने का झांसा, आरोपी यूपी से गिरफ्तार
03-Feb-2026 5:12 PM
दोगुना रकम दिलाने का झांसा, आरोपी यूपी से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 फरवरी।
शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर राशि दोगुनी कर वापस करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 4 नग एटीएम कार्ड, एक पासबुक एवं 3 नग मोबाइल जब्त किया। आरोपी द्वारा लगभग 82 लाख 50 हजार रुपए की ठगी किया जाना पाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कई प्रार्थियों द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि धनीराम सिन्हा नामक व्यक्ति द्वारा शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर राशि दोगुना कर वापस करने का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर थाना बसंतपुर में धारा 420 भादविं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई। गठित टीम द्वारा गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी क्षेत्र में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनीराम सिन्हा बताया तथा अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 04 एटीएम कार्ड, 01 पासबुक एवं 03 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा कई प्रार्थियों से शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर लगभग 82 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर के अतिरिक्त थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव एवं जिला दुर्ग में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।


अन्य पोस्ट