राजनांदगांव
पूर्व में 2 आरोपियों को पुलिस ने भेजा था जेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 फरवरी। फर्जी फसल बीमा कराकर बीमा राशि अपने बैंक खातों में अंतरित कराने वाले तीन और आरोपियों को छुरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार छुरिया क्षेत्र के ग्राम आमगांव स्थित रैलिस बायो एनर्जी प्रा. लिमिटेड के पार्टनर जय बग्गा, वैभव गोलछा एवं सुदर्शन वर्मा के नाम दर्ज 34 खसरा लगभग 50 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विगत एक वर्ष से अधिक समय से केले की फसल लगी हुई थी। उक्त भूमि पर वर्ष 2024-25 में चना फसल दर्शाकर फर्जी तरीके से विभागीय योजना की राशि 23 लाख 28 हजार 944 रुपए 35 पैसे को अमित वर्मा पद ब्लॉक को-आर्डिनेटर भारतीय कृषि बीमा कंपनी एवं सीएससी संचालक परमेश्वर साहू के विरुद्ध कृषि विभाग द्वारा लिखित प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपी अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू के विरूद्ध धारा 316(5), 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत 12 दिसंबर 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना कार्रवाई के दौरान घटना कारित करने वाले 2 आरोपी अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू को 14 दिसंबर 2025 को मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त कर जेल भेजा गया था।
इधर अन्य संलिप्त आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने आदेशित किए जाने पर थाना छुरिया पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते 2 फरवरी 2026 को घटना में संलिप्त तीन अन्य आरोपी हेमंत वैष्णव 38 निवासी ग्राम चचौद (श्यामनगर) थाना राजिम जिला गरियाबंद हाल किरगहाटोला थाना छुरिया जिला राजनांदगांव, बालमुकुंद जंघेल 29 निवासी सुराडबरी थाना छुईखदान जिला केसीजी एवं रूखमणि कंवर चंद्रवंशी 30 निवासी गोपालपुर थाना छुरिया जिला राजनांदगांव द्वारा भी अपराध घटित करना पाए जाने पर उनका पता तलाश कर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर अपराध घटित करना स्वीकार करने पर तीनों आरोपियों को मामले में 2 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में विवेचना जारी है। विवेचना दौरान अन्य आरोपियों के संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


