राजनांदगांव
भाजयुमो के नए पदाधिकारियों को महापौर की सीख
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी। भाजयुमो की नई टीम ने महापौर मधुसूदन यादव से शनिवार को सौजन्य मुलाकात करते आशीर्वाद मांगा। भाजपा ने कल जिलाध्यक्षों के साथ-साथ महामंत्रियों की नियुक्ति की एक सूची जारी की।
इसी कड़ी में राजनांदगांव भाजयुमो के जिलाध्यक्ष चिंटू सोनकर बनाए गए। उनके साथ दो महामंत्री लोमेश वर्मा व आशुतोष सिंह को मनोनीत किया गया है। सूची की घोषणा के बाद आज सुबह नवनियुक्त जिलाध्यक्ष और महामंत्रियों ने महापौर से उनके निवास में मुलाकात की। यादव ने टीम को शुभकामनाएं देते पद से ज्यादा काम पर ध्यान केन्द्रित करने की सलाह दी। महापौर की सीख यह भी थी कि पद से ज्यादा महत्वपूर्ण कार्य होता है। इसके बाद भाजयुमो के पदाधिकारियों ने महापौर के समर्थन में नारे लगाए। महापौर को गुलदस्ता भेंटकर पदाधिकारियों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु के अलावा अन्य भाजपा नेता शामिल थे।


