राजनांदगांव

किसानों के हक के लिए कांग्रेस का आंदोलन
31-Jan-2026 4:43 PM
किसानों के हक के लिए कांग्रेस का आंदोलन

 घुमका नगर पंचायत के सामने आमसभा व प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी।
किसानों के साथ धान खरीदी में हो रहे अन्याय और अनेक समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमका के नेतृत्व में नगर पंचायत के सामने आमसभा व धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिला अध्यक्ष विपिन यादव, विधायक हर्षिता स्वामी बघेल और वरिष्ठ कांग्रेसी नवाज खान उपस्थित थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल ने कहा कि भाजपा शासनकाल में किसानों की स्थिति हर तरह से कष्टप्रद हो चुकी है। भजपा के कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर जनमानस को दिखाई दे रहा है। नवाज खान ने कहा कि किसानों के कारण छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहलाता है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों से किसान त्रस्त है। आज किसानों को भौतिक सत्यापन के नाम पर मानसिक रूप से प्रताडि़त  किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार के समय सम्मानपूर्वक किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा गया था। यदि किसानों के साथ अन्याय होगा, तो कांग्रेस पार्टी न्याय के लिए लड़ाई लड़ती रहेगी।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान सबसे अधिक परेशान और दुखी है। जिला अध्यक्ष विपिन यादव ने  कहा कि टोकन मिलने के बावजूद किसानों का धान नहीं खरीदा जाना सरकार की नाकामी है। भौतिक सत्यापन के नाम पर अधिकारियों द्वारा किसानों के घर जाकर अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है। तहसील कार्यालयों में बिना पैसे दिए किसानों का कोई काम नहीं हो रहा और दबाव बनाकर किसानों से रकबा समर्पण कराया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सभी किसानों का धान नहीं खरीदा गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर पूरा धान तहसील और जिला कार्यालय पहुंचाकर उग्र आंदोलन करेगी।  उन्होंने सरकार से धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग की। सभा के अंत में किसानों की समस्याओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
सभा में राहुल तिवारी, पंकज बांधव, टीकम यादव, हरीश देशमुख, बघेराय भीखम जांगड़े, फूलमाती, तुलसी साहू, मोहनीश धनकर, शुभम पांडे, नवीन लूनियाय, सौरभ वैष्णव, ओमप्रकाश साहू ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन दुर्गेश द्विवेदी द्वारा किया गया। उक्त जानकारी  जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी अनीस खान ने दी।


अन्य पोस्ट