राजनांदगांव
शनिवार रात रायपुर अस्पताल में हुए थे भर्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जनवरी। राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव की सेहत में सुधार हो रहा है और उसे आईसीयू से सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार महापौर मधुसूदन यादव की शनिवार देर रात को अचानक तबीयत बिगडऩे से उसे राजनांदगांव से रायपुर स्थित रामकृष्ण अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया था। चिकित्सकों की निगरानी और उपचार के बाद महापौर की सेहत में सुधार हुआ। जिसके चलते रविवार को उन्हें आईसीयू से बाहर निकालकर सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
इधर महापौर की तबीयत खराब होने की खबर से शनिवार रात से ही शहरवासियों में चिंता का माहौल बना हुआ था। वहीं लोग फोन कर महापौर के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे और उनके स्वस्थ होने की कामना करते रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर महापौर के इलाज एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इधर तबीयत बिगडऩे की सूचना मिलते ही प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, पार्षदों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक रायपुर अस्पताल पहुंचे थे। वहीं आज सुबह से भी लगातार लोगों का महापौर से मिलने का सिलसिला जारी है।


