राजनांदगांव
अब चूहा बनकर भाजपाई खा रहे धान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी। प्रदेश की साय सरकार के शासनकाल में नित नए-नए कारनामें सामने आ रहे है, जिस पर लोगों को विश्वास ही नहीं हो पा रहा है।
छग विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह व गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कवर्धा में सात करोड़ रुपए की सरकारी धान को चूहों द्वारा हजम करने का मामला सामने आया है, जिस पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने बयान जारी करते कहा कि फर्जी तरीके से घिनौना षडयंत्र कर भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त हो चुकी है। ये भाजपा सरकार अब जीव-जंतुओं को भी नहीं छोड़ रहे हैं और चूहों द्वारा करोड़ों के धान हजम कर देने का आरोप लगाया जा रहा है, जो पूरी तरह से निराधार है। ऐसा तो नहीं कि फर्जी कर करोड़ों के धान 14 बड़े तथाकथित चूहा खा गए। सुशासन की दुहाई देने वाली भाजपा की साय सरकार के एक भी जिम्मेदार नेता और मंत्री मुंह खोलने को तैयार नहीं है कि ऐसे गंभीर मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई हो सके।
श्री छाबड़ा ने आरोप लगाते कहा कि भाजपा सरकार बताएं कि क्या कवर्धा जिले में इतने चूहे (तथाकथित) है कि वे सात करोड़ के सरकारी धान खा गए, क्या लोगों के घर के राशन से लेकर और कई नुकसान करेंगे। भाजपा सरकार हर घर में बिल्ली योजना बनाई जाए और हर घर में बिल्ली दिलवाया जाए, ताकि सात करोड़ के धान खाने वाले तथाकथित चूहे को भगाया जा सके। किसानों से एक-एक दाना खरीदने का दावा करने वाली भाजपा सरकार आज कई किसानों से रकबा सरेंडर करा रही है। जिससे किसान ज्यादा धान न बेच पाएं। किसानों की हित की बात करने वाली छग सरकार आज किसानों की परेशानी और माली हालत को बिगाड़ कर रख दी है।


