राजनांदगांव

नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवनों का शुभारंभ
02-Jan-2026 7:15 PM
नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवनों का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी।
 मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में नववर्ष के अवसर पर मानपुर विकासखंड अंतर्गत खडग़ांव एवं सुदूर वनांचल क्षेत्र औंधी में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवनों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इन नवीन तहसील कार्यालयों के प्रारंभ होने से न केवल आमजन को राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी,बल्कि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।

विशेष रूप से जिला मुख्यालय से दूर स्थित सुदूर वनांचल क्षेत्र औंधी के निवासियों के लिए तहसील कार्यालय का शुभारंभ एक बड़ी उपलब्धि है। जिससे क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। नवीन तहसील कार्यालय खडग़ांव का उद्घाटन स्कूली छात्रा नेहा द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर खडग़ांव तहसील में 6 विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों का निराकरण करते नवीन भवन से शासकीय कार्यों की औपचारिक शुरूआत की गई।

वहीं सुदूर वनांचल क्षेत्र औंधी में नवनिर्मित तहसील कार्यालय का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी एवं जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा द्वारा पूजा-अर्चना एवं रिबन काटकर किया गया। शुभारंभ के अवसर पर औंधी तहसील कार्यालय में 7 विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र, 2 किसानों की ऋण पुस्तिका, 2 किसानों के फौत नामांतरण तथा धारा 115 के अंतर्गत लघु सुधार से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया गया। पहले ही दिन आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों के समाधान से नवीन तहसील कार्यालयों की उपयोगिता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

इस अवसर पर नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन औंधी परिसर में कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसपी  यशपाल सिंह, जिला पंचायत  सीईओ  भारती चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारियों ने पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य मानपुर पुष्पाबाई, जनपद सदस्य मानपुर रेणु टांडिया, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर  डीआर धु्रव जनप्रतिनिधि कंचनमाला भुआर्य, हरीराम, जटाशंकर मिश्रा, मानू राम, संतोष कोटपारिया, नैयन सिंग संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।

खडग़ांव-औंधी का राजस्व व प्रशासनिक विवरण
नवीन तहसील कार्यालय अंतर्गत तहसील खडग़ांव एवं औंधी से संबंधित प्रशासनिक एवं राजस्व विवरण इस प्रकार है। जिसमें तहसील खडग़ांव में 1 राजस्व निरीक्षक मंडल के अंतर्गत 7 पटवारी हल्के शामिल हैं। तहसील क्षेत्र में कुल 35 ग्राम एवं 15 ग्राम पंचायतें स्थित हैं। तहसील की कुल जनसंख्या 19,807 है तथा कुल रकबा 16,571.108 हेक्टेयर दर्ज किया गया है। तहसील क्षेत्र में कोई भी विरान अथवा डुबान ग्राम नहीं है। यहाँ 10 कोटवार, 21 पटेल एवं कुल 5,545 कृषक पंजीकृत हैं। इसी प्रकार तहसील औंधी में 1 राजस्व निरीक्षक मंडल के अंतर्गत 6 पटवारी हल्के शामिल हैं। तहसील क्षेत्र में कुल 50 ग्राम एवं 13 ग्राम पंचायतें आती हैं। तहसील की कुल जनसंख्या 21,349 है तथा कुल रकबा 20,802.669 हेक्टेयर है। तहसील क्षेत्र में 2 विरान ग्राम हैं, जबकि डुबान ग्राम की संख्या शून्य है। यहाँ 10 कोटवार, 22 पटेल एवं कुल 3,750 कृषक दर्ज हैं।


अन्य पोस्ट