राजनांदगांव
कलेक्टर ने बच्चों से किया संवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बच्चों एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते कुल 24 नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों का शुभारंभ किया गया। इनमें मोहला परियोजना अंतर्गत 15 तथा मानपुर परियोजना अंतर्गत 9 आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिले के 3 आंगनबाड़ी केंद्रों का विधिवत उद्घाटन कलेक्टर तुलिका प्रजापति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। जबकि शेष 21 आंगनबाड़ी केंद्रों का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर प्रजापति ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद एवं पोषण से संबंधित जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते उनके योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया तथा निरंतर समर्पण के साथ कार्य करने प्रेरित किया।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की आधारशिला हैं। इन केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोषण आहार,स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा एवं परामर्श जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद सदस्य मानपुर पुष्पाबाई, जनपद सदस्य मानपुर रेणु टांडिया, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर डीआर धु्रव, जनपद पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधि कंचनमाला भुआर्य, हरीराम, जटाशंकर मिश्रा, मानूराम, संतोष कोटपारिया, नैयन सिंग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारीए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


