राजनांदगांव
राज्य सरकार ने दोनों भाजपा नेताओं को दी अहम जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 दिसंबर। धान खरीदी के बीच राज्य सरकार ने राजनांदगांव जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष के रिक्त पद पर पूर्व अध्यक्ष सचिन बघेल को जहां अध्यक्ष मनोनीत किया है। वहीं प्रदेश भाजपा के पूर्व महामंत्री भरत वर्मा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
दोनों भाजपा नेताओं को मिले अहम दायित्व की खबर से संगठन के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया है। बघेल का पिछला कार्यकाल बतौर अध्यक्ष सफलतम रहा है। उनके नेतृत्व में सहकारिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व निर्णय लिए गए। धान खरीदी से लेकर अन्य सहकारी कार्यों में राजनांदगांव जिला सहकारी बैंक अव्वल रहा है। इधर बैंक उपाध्यक्ष के रूप में भरत वर्मा को दायित्व सौंपा गया है। वर्मा की पार्टी में अच्छी साख है। वह पूर्व में प्रदेश भाजपा के महामंत्री भी रहे। बहरहाल बैंक के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर सरकार ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। बघेल एवं वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत अन्य पार्टी नेताओं के प्रति अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त किया है।


