राजनांदगांव

बाइक रैली निकालकर जमीन कारोबारियों ने किया प्रदर्शन
08-Dec-2025 3:31 PM
बाइक रैली निकालकर जमीन कारोबारियों ने किया प्रदर्शन

जमीन की दरों में संशोधन और बदलाव की मांग को लेकर सप्ताहभर से आंदोलन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 दिसंबर। प्रदेश सरकार द्वारा जमीन की गाईड लाइन दरों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ पिछले सप्ताहभर से धरने पर बैठे कारोबारियों ने सोमवार को शहर में बाइक रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

हाथों में तख्तियां लेकर मोटर साइकिल में निकले कारोबारियों ने राज्य सरकार के इस फैसले को अमानवीय करार देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष में इस पर निर्णय होना था। सरकार ने सीधे 400-500 फीसदी कीमतें बढ़ा दी। जिसके चलते रियल स्टेट कारोबार से जुड़े लोगों के सामने भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। इसी कड़ी में आज सुबह शहर में जमीन कारोबारियों ने मोटर साइकिल रैली निकालकर तत्काल गाईड लाइन में बदलाव कर निर्णय करने की मांग की।

 

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने गत् 20 नवंबर से शहरी क्षेत्र में 20 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्र में 500 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी कर दी। जिसके कारण कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस निर्णय के बाद से राज्य सरकार के राजस्व में भी कमी आई है। एक जानकारी के अनुसार स्थानीय रजिस्ट्री कार्यालय में सीमित संख्या में पंजीयन हुए हैं। ऐसे में सरकार को मिलने वाली आर्थिक फायदे में भी कमी आई है। बहरहाल आज कारोबारियों ने बाइक रैली निकालकर अपनी आवाज को बुलंद किया है।

नुक्कड़ सभा से बताएंगे लोगों को अपनी तकलीफ

कारोबारियों ने नुक्कड़ सभा कर लोगों को सरकार के कथित मनमानी को लेकर जागरूक करने का निर्णय लिया है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों में जमीन कारोबारियों ने नुक्कड सभा के माध्यम से अपनी तकलीफ से लोगों को अवगत कराने का फैसला किया है। आने वाले दिनों में जमीन कारोबारियों की स्थिति किस तरह से आर्थिक रूप से कमजोर होगी, उस पर भी नुक्कड़ सभा के जरिये लोगों का ध्यान खींचा जाएगा।  शहर के जयस्तंभ चौक में पिछले सप्ताहभर से जमीन कारोबारी एकजुट होकर धरने पर बैठे हुए हैं। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अब तक गाईड लाइन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में विरोध प्रदर्शन के जरिये जमीन कारोबारी अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं।


अन्य पोस्ट