राजनांदगांव
चैम्पियनशिप के विजेताओं को खेल मंत्री ने किया पुरस्कृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 दिसंबर। स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार भारत में महिला खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा अस्मिता हॉकी लीग चैम्पियनशिप का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सचिन बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक रामजी भारती, समाजसेवी राजेंद्र गोलछा, पूर्व महापौर अजित जैन, पार्षद शिव वर्मा एवं सुनील कन्हैया साहू, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे एवं समाजसेवी राधेश्याम गुप्ता शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री साव ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते कहा कि छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने हर संभव सहयोग दिया जाएगा। मंत्री ने राजनांदगांव की हॉकी उपलब्धियों का उल्लेख करते कहा कि यहां की हॉकी ने देश ही नहीं, विश्व में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने विजेता टीम भारतीय खेल प्राधिकरण (सांई), उपविजेता टीम स्पोट्र्स अकादमी रायपुर ए तथा तृतीय स्थान प्राप्त खेलो इंडिया टीम को बधाई देते कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश में महिला हॉकी को मजबूती देने और नई प्रतिभाओं को पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि खेल मंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेलों का स्तर निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में राष्ट्रीय हॉकी शिविर के लिए छत्तीसगढ़ के 9 खिलाडिय़ों का चयन हुआ है, जो बेंगलुरु में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी करेंगे।
फाइनल में नांदगांव ने रायपुर को हराया
हॉकी स्टेडियम में रविवार को अपरांह में सांई राजनांदगांव और स्पोटर्स हॉकी अकादमी रायपुर के मध्य खेला गया फाइनल मैच संघर्षपूर्ण रहा। इसमें सांई राजनांदगांव ने स्पोर्टस हॉकी आदमी रायपुर को 5-2 गोल से पराजित किया। मैच के प्रारंभ से ही राजनांदगांव ने रायपुर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और पहले ही मिनट में अंजली एक्का ने मैदानी गोल किया। मैच के 7वें मिनट में दुबी रावत, 15वें मिनट में श्यामली राय, 19वें और 27वें मिनट में दुबी रावत ने गोल किया। वहीं रायपुर की ओर से काव्या और मनप्रित कौर ने 1-1 गोल किया था।
सांई सेंटर राजनांदगांव ने 5-2 गोल से पराजित कर फाइनल का खिताब अपने नाम किया। इसके पहले गए तीसरे व चौथे स्थान के लिए खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव अ ने खेलो इंडिया सेंटर ब को कड़े मुकाबले में 2.0 गोल से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस मैच के मध्यांतर तक दोनो ही टीम ने कोई भी गोल नहीं कर पाई। मैच के मध्यांतर के बाद मैच के 32वें मिनट में खेलो इंडिया सेंटर अ की ओर से केसर साहू और 39वें मिनट में सुधा साहू ने गोल कर 2-0 गोल से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में शिवनारायाण धकेता, नीलामचंद जैन, रमेश डाकलिया, ऑशा थॉमस, भूषण साव, शकील अहमद, एम वाय कुरैशी, गोपेश्वर कहरा, भूषण साव, राजेन्द्र जायसवाल, तारीक कुरैशी, जांहगीर खान, अय्यूब इरफान, अंसार अहमद, राकेश गढवाल, तुलसी साहू, तीरथ गोस्वमी, देवशरण सेन, राकेश यादव, गगन आईच, आशुतोष सिंह, रश्मि संध्या, खेमराज सिन्हा, सुखदेव निर्मलकर, तौफिक अहमद, इंदरपाल सिंह, कृष्णा यादव आदि शामिल थे।
बेटियां अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कर रही देश का नाम रोशन
उपमुख्यमंत्री अरूण साव अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर राजनांदगांव में आयोजित अस्मिता हॉकी लीग प्रतियोगिता में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीम को पुरस्कार वितरण किया। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि हॉकी देश के महत्वपूर्ण खेल विधाओं में शामिल है और हॉकी खेल में देश की बेटियां बढ़-चढक़र हिस्सा लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही है। शासन द्वारा खेल के क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ाने विशेष आयोजन किए जा रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। खेल मंत्रालय सभी राज्यों के साथ मिलकर वर्ष 2047 तक खेलों के क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने एवं खेल और खिलाडिय़ों के विकास करने योजना बनाकर कार्य कर ही है।