राजनांदगांव

किसान आत्महत्या : कारोबारी और सूदखोरों के खिलाफ मामला दर्ज
05-Dec-2025 4:21 PM
किसान आत्महत्या : कारोबारी और सूदखोरों के खिलाफ मामला दर्ज

4 के खिलाफ जुर्म कायम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 दिसंबर। सुरगी पुलिस ने संबलपुर के किसान की खुदकुशी के मामले में जांच के पश्चात 4 के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोपियों में सराफा व्यापारी और ब्याज के कारोबार से जुड़े लोग हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई काफी दबाव के बाद की है। बीते माह 19 नवंबर को किसान ने धान खरीदी केंद्र के पास आत्महत्या कर ली थी। उसका शव पेड़ में लटका मिला था। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाईड नोट भी मिला था। इस आधार पर 4 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अपराध दर्ज किया गया।

 

मिली जानकारी के मुताबिक संबलपुर के रहने वाले रामखिलावन साहू ने 19 नवंबर को एक पेड़ में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। मौके से एक सुसाईडल नोट भी मिला था। जिसमें उमेश पालीवाल, रमेश पालीवाल, राजेन्द्र गोलछा और शिव कुमार पर कर्ज के नाम पर प्रताडऩा का आरोप था। इस आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। हालांकि पुलिस ने अपराध दर्ज करने में काफी देरी की। ग्रामीणों और परिजनों के दबाव के बाद 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

परिजनों का आरोप है कि मृतक ने उक्त लोगों से कुछ रकम उधार ली थी, लेकिन 5 प्रतिशत तक ब्याज वसूलने के बावजूद उधार की रकम के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके कारण रामखिलावन ने आत्महत्या का रास्ता चुना। बताया जा रहा है कि आरोपी शहर के प्रभावशाली लोगों में गिने जाते हैं। यही कारण है कि पुलिस ने कार्रवाई में काफी देरी की।


अन्य पोस्ट