राजनांदगांव
सोसायटी कर्मियों और व्यापारी की सांठगांठ का अंदेशा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 दिसंबर। समर्थन मूल्य में धान खरीदी के दौरान प्रशासन ने घुमका के सोसायटी केंद्र में भारी मात्रा में अवैध धान के कट्टे को जब्त किया है। दिलचस्प बात यह है कि जब्त धान के कट्टे खरीदे गए धान के भीतर जमाए गए कट्टों में शामिल थे। इससे सोसायटी कर्मियों और व्यापारी के बीच सांठगांठ का अंदेशा है। सोसायटी कर्मियों की भूमिका संदेह के दायरे में आ गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक घुमका सोसायटी में अवैध धान खपाने की भनक प्रशासन तक पहुंची। एक टीम ने छापेमारी कर धान बेचने वाले किसान और मौजूदा धान की मात्रा समेत अन्य विषयों को लेकर भौतिक सत्यापन किया। जिसमें काफी खामियां मिली। प्रशासनिक टीम ने रात 2 बजे तक केंद्र में धान के कट्टे की गिनती की, तब 1294 कट्टा अधिक धान स्टॉक में पाया गया।
बताया जा रहा है कि इसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपए से ज्यादा है। इसके बाद अफसरों ने धान को जब्त कर लिया है। वहीं अवैध धान की केंद्र तक पहुंचने को लेकर भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि व्यापारी घुमका क्षेत्र का रहने वाला है। उसने कथिततौर पर सोसायटी कर्मियों को अपने पाले में कर लिया था। जिसके चलते अवैध धान के कट्टे केंद्र के भीतर चला गया।
इधर मामले की जांच के लिए एसडीएम ने तीन टीमें बनाई है। अवैध धान खरीदी केंद्र में कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जाएगी। यह भी आशंका है कि दूसरे किसानों के खातों से धान को बेचा गया है, तभी अवैध धान खरीदे गए दूसरे धान के साथ स्टेक किए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की छानबीन में जुटा हुआ है।
एक दिन में 20 लाख का अवैध धान जब्त
प्रशासन ने अवैध धान के खिलाफ अवैध धान पर शिकंजा कसते हुए लगातार कार्रवाई करते बुधवार को एक दिन में 20 लाख रुपए का अवैध धान जब्त किया है। कुल 6 प्रकरणों में 20 लाख 13 हजार 760 रुपए मूल्य के 649.60 क्विंटल (1624 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 144 प्रकरणों में 5 करोड़ 46 लाख 27 हजार 766 रूपए मूल्य के 17621.86 क्विंटल (44055 बोरा) अवैध धान एवं 8 वाहन जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार को राजनांदगांव अनुविभाग में 2 प्रकरण में 17 लाख 53 हजार 360 रूपए मूल्य के 565 क्विंटल (1414 बोरा) अवैध धान, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 3 प्रकरण में 2 लाख 29 हजार 400 रुपए मूल्य के 74 क्विंटल (185 बोरा) अवैध धान एवं डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 1 प्रकरणों में 31 हजार रुपए मूल्य के 10 क्विंटल (25 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया है।
इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक राजनांदगांव अनुविभाग में कुल 59 प्रकरणों में 3 करोड़ 19 लाख 13 हजार 880 रुपए मूल्य के 10294.80 क्विंटल (25737 बोरा) अवैध धान व 2 वाहन, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 42 प्रकरण में 1 करोड़ 8 लाख 91 हजार 106 रुपए मूल्य के 3513.26 क्विंटल (8783 बोरा) अवैध धान व 2 वाहन तथा डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 43 प्रकरणों में 1 करोड़ 18 लाख 22 हजार 780 रुपए मूल्य के 3813.80 क्विंटल (9535 बोरा) अवैध धान एवं 4 वाहन जब्त किया गया है। जिले में कोचियों एवं बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के 1500 छोटे एवं बडे मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं खाद्य व मंडी के अधिकारियों को जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किए जाने तथा सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति प्रबंधक सम्मानित
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत रकबा समर्पण में उत्कृष्ट कार्य के लिए समिति प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र कुहीकला के समिति प्रबंधक हरनारायण रामटेके, धान उपार्जन केन्द्र जोशीलमती के समिति प्रबंधक गणपतराम सिन्हा एवं धान उपार्जन केन्द्र गहिराभेडी के समिति प्रबंधक बसंत कुमार साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


