राजनांदगांव
राजनांदगांव, 2 दिसंबर। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने नगर निगम की टीम अभियान चलाकर प्रतिबंधित प्लास्टिक विक्रय एवं उपयोग करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को झिल्ली पन्नी का विक्रय व उपयोग करते पाए जाने पर बजाज प्लास्टिक गंज चौक तथा नंदई व तुलसीपुर के किराना दुकान के 10 व्यवसायियों पर कार्रवाई करते 5 हजार रुपए जुर्माना वसूल कर लगभग 5 किलो पालीथिन जब्त करने की कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने प्लास्टिक से होने वाले नुकसान पर कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ मानव जीवन सहित जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव डाल रहा है। नुकसान से बचाने शासन द्वारा इसके विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।
शासन मंशानुरूप नगर निगम का स्वास्थ्य अमला शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं विक्रय नहीं करने प्रतिदिन समझाईस दे रहे हैं। समझाईस उपरांत विक्रय व उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की कड़ी में गंज चौक स्थित बजाज प्लांटिक से 5 सौ ग्राम प्लास्टिक जब्त कर 5 सौ रुपए जुर्माना लगाए। इसी प्रकार नंदई चौक के 4 किराना दुकान एवं तुलसीपुर के 5 किराना दुकान से 4 किलो 5 सौ ग्राम पालिथीन जब्त कर 4 हजार 4 सौ रुपए अर्थदंड वसूला गया।


