राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। शहर के बल्देवबाग में बालिका सुधार गृह से फरार हुई दो बालिकाओं का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। शनिवार शाम को दोनों बालिका स्टॉफ को चकमा देकर दीवार फांदकर फरार हो गए। इस मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित बालिका गृह से भागी दोनों बालिकाओं की उम्र 13 और 15 साल है। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि बालिकाओं की पतासाजी की जा रही है। अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
मिली जानकारी के मुताबिक बालिका गृह से शनिवार शाम 5.30 बजे दो बालिकाओं के भागने की जानकारी काउंसलर तक पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों बालिकाओं को 25 नवंबर को दुर्ग से यहां लाया गया था।
करीब 3-4 दिन बालिका गृह में ठहरने के बाद दोनों बालिका फरार हो गई। ऐसी आशंका है कि दोनों भागने के लिए मौके की ताक पर थे। जैसे ही उन्हें मौका मिला, सुधार गृह का दीवार फांदकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने दोनों बालिकाओं के परिजनों से भी संपर्क किया है, लेकिन दोनों अब तक घर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।


