राजनांदगांव

नांदगांव शहर कांग्रेस की कमान मुदलियार को
29-Nov-2025 3:47 PM
नांदगांव शहर कांग्रेस की कमान मुदलियार को

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 नवंबर।
कांग्रेस ने राजनांदगांव शहर और ग्रामीण अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी है। शुक्रवार देर रात को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी की। 
 राजनांदगांव शहर अध्यक्ष के रूप में जितेन्द्र मुदलियार को नियुक्त किया गया है। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष के लिए छुरिया क्षेत्र के विपिन यादव की ताजपोशी की गई है। खास बात यह है कि दोनों पूर्व विधायकों के सुपुत्र

हैं। जितेन्द्र के पिता स्व. उदय मुदलियार और विपिन के पिता प्रकाश यादव हैं। पार्टी ने संगठन सृजन के तहत अध्यक्षों की ताजपोशी से पूर्व जमीनी स्तर पर दावेदारों की स्थिति का आंकलन किया था। 
बताया जा रहा है कि अभियान के पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे चरण सिंह सपरा ने अध्यक्ष पद के दौड़ में शामिल दावेदारों से लंबी चर्चा की थी। इसके अलावा उन्होंने दावेदारों की राजनीतिक और निजी पृष्ठभूमि को खंगालने के लिए गैर राजनीतिक वर्ग के लोगों से भी फीडबैक ली थी। इसी आधार पर यह नियुक्ति की गई है। जितेन्द्र मुदलियार पूर्व में भी शहर कांग्रेस अध्यक्ष की बागडोर सम्हाल चुके हैं। उन्हें सांगठनिक गतिविधियों के संचालन को लेकर अच्छा अनुभव है। उनके साथ युवाओं के अलावा वरिष्ठ नेताओं का भी जुड़ाव रहा है।  यही कारण है कि उन्हें शहर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 
उधर ग्रामीण क्षेत्र के जिलाध्यक्ष के रूप में विपिन यादव को जिम्मेदारी दी गई है। विपिन कांग्रेस के एक समर्पित नेता माने जाते हैं। उनके पिता प्रकाश यादव विधायक रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि नए अध्यक्ष पूरी ऊर्जा झोंककर संगठन को मजबूत करने ताकत लगाएंगे। इस बीच नियुक्ति की खबर के बाद मुदलियार के घर पार्टी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है। 

 

राहुल और कांग्रेस की विचारधारा को मूर्तरूप दिया पर्यवेक्षक सपरा ने - आफताब
प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महासचिव आफताब आलम ने कांग्रेस में हुई नियुक्ति को लेकर कहा कि पर्यवेक्षक चरण सिंह सपरा ने राहुल गांधी और कांग्रेस की विचारधारा को मूर्त रूप देने का सार्थक प्रयास किया। जिसके चलते एक अच्छे दावेदारों को संगठन ने अध्यक्ष के रूप में काम करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर संगठन सृजन अभियान  से पार्टी को फायदा मिलेगा। आने वाले दिनों में कांग्रेस एक मजबूत पार्टी के रूप में नजर आएगी।


अन्य पोस्ट