राजनांदगांव
सीएम-विस अध्यक्ष होंगे शामिल, तैयारियां शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 3 दिसंबर को अंबागढ़ चौकी आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। हालांकि सीएम के आगमन को लेकर अभी प्रशासन की ओर से कोई अधिकृत सूचना नहीं आई है, लेकिन कलेक्टर के दौरा व कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण के बाद सीएम के आगमन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के प्रथम नगर आगमन को लेकर स्थानीय नागरिकों व भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री साय का प्रवास जनजातिय गौरव सम्मान समारोह के लिए हो रहा है। सीएम साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं अन्य कैबिनेट मंत्री व भाजपा संगठन और आरएसएस के पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उक्त समारोह वार्ड क्र. 4 स्थित क्रिकेट गाउंड ट्रायबल मैदान में होगा। सीएम के आगमन को लेकर सूचना मिलते ही प्रारंभिक तौर पर तैयारिया प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर के निर्देश बाद नगर पंचायत द्वारा मैदान की साफ-सफाई किया जा रहा है। मंगलवार व बुधवार को कलेक्टर तुलिका प्रजापति एवं एसपी वायपी सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।


