राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। पुलिस महानिरीक्षक राजनंादगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य ने शुक्रवार को मोहला-मानपुर-अं. चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया।
आईजी शांडिल्य ने रक्षित केंद्र मोहला परेड ग्राउंड में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड में उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों की गुहार सुनने पुलिस लाइन मोहला में दरबार लगाया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय मानपुर एवं थाना चिल्हाटी का निरीक्षण किया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान रक्षित आरक्षी केंद्र मोहला और एसडीओपी कार्यालय मानपुर परिसर में अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया।
मिली जानकारी के अनुसार रक्षित केंद्र मोहला स्थित परेड ग्राउंड में वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया। राजनंादगांव रेंज आईजी श्री शांडिल्य के आगमन पर मोहला-मानपुर एसपी वायपी सिंह, एएसपी पीताम्बर सिंह पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर प्रशांत कुमार सिंह पैकरा एवं उप पुलिस अधीक्षक आप्स ताजेश्वर दीवान द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप द्वारा सलामी दी गई।
परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस अधिकारी एवं जवानों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया। मार्चपास्ट के दौरान परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों द्वारा दाहिने देख की कार्रवाई के साथ सलामी दी गई। वार्षिक निरीक्षण के दौरान रक्षित आरक्षी केन्द्र मोहला और एसडीओपी कार्यालय मानपुर परिसर में अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसपी वायपी सिह, एएसपी पीताम्बर सिंह पटेल तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg )
समस्याएं सुनने लगा दरबार
जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं गुजारिशों के समाधान के लिए रक्षित केंद्र मोहला में दरबार का आयोजन किया गया। दरबार में एसपी वायपी सिंह एवं एएसपी पीताम्बर सिंह पटेल द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस महानिरीक्षक का स्वागत किया गया।
स्थानांतरण की गुजारिश
स्वागत उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की आधारभूत संरचना, सीमित संसाधनों में उपलब्धियां, शासकीय आवासों के अभाव से कर्मचारियों को हो रही परेशानी एवं जिले में महिला पुलिस अधिकारियों की अनुपस्थिति से महिला संबंधी अपराध विवेचना में आने वाली कठिनाइयों पर ध्यान आकर्षित किया गया। कुछ अधिकारी-कर्मचारियों ने निजी कारणों से स्थानांतरण की गुजारिश भी प्रस्तुत की।
आईजी ने दिया आश्वासन
आईजी ने नवीन जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक, अधिकारी-कर्मचारी एवं डीआरजी टीम की सराहना की तथा महिला कर्मचारियों की निष्ठा और कार्यकुशलता की प्रशंसा की। अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
आईजी श्री शांडिल्य का एएसपी पीताम्बर सिंह पटेल ने आभार व्यक्त किया। आयोजित दरबार में प्रशांत कुमार सिंह पैकरा, राजेश्वर दीवान, नोहर सिंह मंडावी, भुनेश्वर कश्यप, अश्वनी राठौर, ईश्वर ध्रुव, संदीप टोप्पो, संजय कुमार यादव, बृजेश सिन्हा, खोमन भंडारी, राजीव तिवारी, सुरेंद्र नेताम, गणेश यादव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


