राजनांदगांव
अन्नदाताओं से धान खरीदी के संबंध में ली प्रतिक्रिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 नवंबर। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को शहर के मोहारा वार्ड में निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने ढाबा सोसायटी अंतर्गत स्थित धान खरीदी केन्द्र मोहारा का औचक निरीक्षण किया। महापौर के साथ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के पूर्व अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, पार्षद आलोक श्रोती, बैंक के शाखा प्रबंधक मनीष श्रीवास्तव समेत प्रभारी प्रबंधक मुकेश बंछोर ने महापौर के साथ धान खरीदी का जायजा लिया।
धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने किसानों की धान खरीदी प्रक्रिया निर्बाध एवं सुचारू रूप से संचालित होने की जानकारी दी। महापौर की टीम ने सोसायटी में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों से पृथक-पृथक एवं सामूहिक रूप से चर्चा कर धान खरीदी केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्याप्त समस्याओं के संबंध में फीडबैक (प्रतिक्रिया) लिया। महापौर की टीम ने धान खरीदी केन्द्र के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण धान खरीदी में आ रही किसी भी प्रकार की परेशानी के संबंध में अन्नदाताओं से पूछताछ की। जिसमें किसानों द्वारा कोई परेशानी नहीं होने की बात कही गई एवं बारदाना की उपलब्धता को भी पर्याप्त बताया गया।


