राजनांदगांव
राजनांदगांव, 16 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरूआत 15 नवंबर से शुरू हो गई। शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की शुरूआत की गई है।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भोडिय़ा के किसान नंदकिशोर धान उपार्जन केन्द्र सिंघोला धान बिक्री करने पहुंचे थे। किसान नंदकिशोर ने राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत की जा रही धान खरीदी की सराहना की। नंदकिशोर ने बताया कि वे धान विक्रय करने धान खरीदी केन्द्र सिंघोला आए हैं। उनके पास 85 डिसमिल खेती जमीन है। उन्होंने बताया कि 13 नवम्बर को ऑनलाइन के माध्यम से 17 क्विंटल से अधिक धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया था। किसान नंदकिशोर ने पहले दिन ही धान विक्रय पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि शासन की अच्छी व्यवस्था ऑनलाइन टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप्प और धान खरीदी केन्द्र में इलेक्ट्रानिक तौल मशीन उपलब्ध होने से शीघ्रता एवं आसानी से धान विक्रय हो पाया, इसके साथ-साथ धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता से हुई है।


