राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ हॉकी के मार्गदर्शन में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव द्वारा साप्ताहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में रैली, संगोष्ठी, कार्यशाला, क्विज प्रतियोगिता और प्रदर्शन हॉकी मैच आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस नीरज इंटरनेशनल स्कूल में रैली निकालकर संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। द्वितीय दिवस रॉयल किड्स कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में भारतीय हॉकी के इतिहास विषय पर संगोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इसी कड़ी में रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा चिखली हाईस्कूल मैदान में रैली, क्विज, संगोष्ठी एवं प्रदर्शन हॉकी मैच का आयोजन किया गया। जिसमें 200 खिलाड़ी शामिल हुए। वहीं गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल राजनांदगांव में क्विज, संगोष्ठी आदि कार्यक्रमों में लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, पार्षद शिव वर्मा, एकता गांधी, विकास वैष्णव, आशीष मिश्रा, प्राचार्य अभिषेक खंडेलवाल, रिजवान खान, सुनील साहू, योगेश द्विवेदी, अमरजीत कौर गरचा, हरजीत बहल, रुपेश सिंह, अवनीत भाटिया और महिमा यादव सहित अन्य स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।


