राजनांदगांव
लखपति दीदी संकल्प लेकर चुनौती को अवसर में बदल रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को स्टेट हाईस्कूल मैदान राजनांदगांव में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने महतारी वंदन योजना के तहत माह नवम्बर 2025 में 21वीं किश्त के रूप में प्रदेश के 69 लाख 07 हजार 615 महिला हितग्राहियों को बटन दबाकर 646 करोड़ 52 लाख 10 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में अंतरित की। उन्होंने नियद नेल्लानार योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 7 हजार 658 हितग्राहियों को 76 लाख 26 हजार 500 रुपए की राशि उनके खाते में अंतरित किया। उपराष्ट्रपति ने कुल 69 लाख 15 हजार 273 हितग्राहियों को कुल 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रुपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से अंतरित किया। उपराष्ट्रपति एवं अतिथियों ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने एलआरएम की लखपति दीदीयों से चर्चा की एवं उनके लखपति दीदी बनने तथा आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण के अनुभवों को जाना।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ी में कहा कि जम्मो भाई-बहिनी मन ला जय जोहार। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की स्थापना के 25 वर्षों का आनंद उत्सव मना रहे हैं। छत्तीसगढ़ एक ऊर्जावान, विकासशील एवं विकसित राज्य है। छत्तीसगढ़ बढ़ रहा है, वैसे ही मैं भी बढ़ रहा हूं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्थापना के प्रारंभिक वर्ष में पानी, बिजली एवं अधोसंरचना की कमी थी।
आज छत्तीसगढ़ एक बिजली उत्पादक राज्य के रूप में उभरकर सामने आया है और उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य के क्षेत्र में वृद्धि हुई है। उदयाचल संस्थान ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपना योगदान दिया है एवं संस्थान के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में मोतियाबिंद से मुक्त कराने के लिए तथा नेत्र रोग की चिकित्सा के लिए 130 लाख से भी अधिक आपरेशन किए गए है तथा 19 लाख चश्मे का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी का यह उत्सव महिला स्वसहायता समूह की आत्मनिर्भरता का प्रमाण है और हमारी लखपति दीदी जो संकल्प लेकर चुनौती को अवसर में बदल रही है। लखपति दीदी केवल आय का प्रतीक नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान का प्रतीक है।
उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जरूरतमंद महिलाओं को लखपति दीदी के तौर पर अग्रसर करने तथा सक्षम बनाने के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने लगभग 5 लाख लखपति दीदी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दृष्टि एवं गृहमंत्री के दृढ़ निश्चय से तथा सुरक्षा बलों के अथक प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खात्मे की ओर है। उन्होंने महतारी वंदन योजना अंतर्गत हितग्राही महिलाओं को राशि हस्तांतरित करने पर शुभकामनाएं दी।
महापौर मधुसूदन यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर किरण वैष्णव, योगेशदत्त मिश्रा, प्रदीप गांधी, खूबचंद पारख, सचिन बघेल, दिनेश गांधी, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, अशोक चौधरी, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, मधु बैद, आशीष जैन, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सशक्तिकरण की एक जीवंत
तस्वीर- राज्यपाल
राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि लखपति दीदी सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की एक जीवंत तस्वीर है। यहां उपस्थित हर दीदी इस बात की मिसाल है कि जब संकल्प और सामूहिक प्रयास जुड़ते है तो आत्मनिर्भरता केवल सपना नहीं रहता वह हकीकत बन जाता है।
माता-बहनों को लखपति दीदी
बनाना हमारा लक्ष्य- मुख्यमंत्री
विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों के लिए सौभाग्य का दिन है कि देश के उपराष्ट्रपति छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव के अवसर पर आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 7 लाख 82 हजार लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। अभी तक 4 लाख 93 हजार बन चुके हैं। आने वाले समय में प्रदेश 14 लाख 77 हजार लखपति दीदी बनाए जाएंगे। जिनका चिन्हांकन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री फूलबासन यादव एवं लखपति दीदीयों के कार्यों की सराहना करते उन्हें लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनने की कामना की।
विकास कार्यों से बढ़ रही है राज्य
की पहचान- विस अध्यक्ष
विशिष्ट अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में लखपति दीदियों का सम्मेलन छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने और विकास की राह में आगे बढ़ाने की दिशा में मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज का दिन गौरवान्वित होने वाला दिन है क्योंकि देश के उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री राजनांदगांव में लखपति दीदियों के काम को देख रहे हैं। विगत 25 वर्षों में हमारे राज्य ने विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का कार्य किया है और अंतिम छोर तक के गांव और व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंची है। डॉ. सिंह ने जिले में लखपति दीदी को आगे बढ़ाने पद्मश्री फूलबासन यादव एवं जिला पंचायत सीईओ के योगदान की भी सराहना की।----------------


