राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : तीन दिवसीय राज्योत्सव में दिखेगा सफरनामा
02-Nov-2025 3:35 PM
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : तीन दिवसीय राज्योत्सव में दिखेगा सफरनामा

 विस अध्यक्ष रमन करेंगे आज शाम शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रम की बिखरेगी छटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25वीं वर्षगांठ को रजत महोत्सव का आज देर शाम आगाज होगा। राज्य सरकार ने 01 नवंबर 2000 को अस्तित्व में आने के बाद 25 साल पूर्ण होने पर रजत जयंती के रूप में मनाने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में जिले में भी तीन दिवसीय राज्योत्सव का विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज देर शाम को शुभारंभ करेंगे। स्थानीय म्युनिसिपल हाईस्कूल मैदान में तीन दिनों तक लोककला की छटा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य के सफरनामे से जुड़ी यादों को तस्वीर के रूप में पेश किया जाएगा। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ ही विकास की झलक भी नजर आएगी।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह आज शाम 6 बजे तय समयानुसार तीन दिवसीय राज्योत्सव का मुख्य अतिथि के रूप में शुरूआत करेंगे। शुभारंभ के फौरन बाद लोककला और लोक संगीत का आयोजन भी है। जिसमें प्रख्यात लोक गायिका आरू साहू अपनी आवाज से समां बांधेंगी। राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभाग द्वारा स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां सरकार की उल्लेखनीय योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम स्थल में तस्वीरों का भी एक अतिरिक्त स्टॉल होगा। तस्वीरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पिछले 5 साल में  निरंतर प्रगति से जुड़ी यादों की झलक देखने मिलेगी।  आज 02 नवंबर को शुभारंभ के बाद कल 3 व 4 नवंबर को भी शाम तक राज्योत्सव की धूम रहेगी। अंतिम दो दिन पूर्वान्ह 11 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। साथ ही रोजाना शाम 4 बजे लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी।

राज्योत्सव के अंतिम दिन उपराष्ट्रपति होंगे मुख्य मेहमान

राज्योत्सव के अंतिम दिन 5 नवंबर को बतौर मुख्य मेहमान देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम फिलहाल जारी नहीं हुआ है। स्थानीय समाजसेवी संस्था उद्याचल के नवनिर्मित अस्पताल भवन का उद्घाटन करने के लिए उपराष्ट्रपति के आगमन की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि प्रशासन ने भी उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर तैयारी शुरू कर दी है। उपराष्ट्रपति का दोपहर से अपरान्ह 5 बजे तक राजनांदगांव में लगभग 3 से 4 कार्यक्रम है।


अन्य पोस्ट