राजनांदगांव

पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष साहू का स्वागत
15-Oct-2025 4:09 PM
पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष साहू का स्वागत

 संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 15 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू के प्रथम जिला आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय केसीजी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने कहा कि अशोक साहू का यह पहला जिला स्तरीय दौरा है और यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में कुल 405 बूथ हैं और आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हर बूथ को मजबूत बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, क्योंकि छत्तीसगढ़ में लगभग 52 प्रतिशत आबादी पिछड़े वर्ग से आती है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना करते कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने उस समय कांग्रेस सरकार के खिलाफ  निर्णायक भूमिका निभाई थी।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करती है। उन्होंने कहा कि एक चाय बेचने वाला व्यक्ति आज देश का प्रधानमंत्री है, यह पूरे पिछड़े वर्ग के लिए गर्व की बात है। श्री सिंह ने कहा कि अशोक साहू जैसे अनुभवी नेता के नेतृत्व में मोर्चा और मजबूत होगा और आने वाले समय में सभी आठों मंडल से पिछड़ा वर्ग मोर्चा बेहतर प्रदर्शन करेगा।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने पिछड़े वर्ग को पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि ओबीसी मोर्चा का कार्य है कि प्रदेश की 95 पिछड़ी जातियों को भाजपा से जोड़ा जाए।  उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की सरकार फिर से छत्तीसगढ़ में बनानी है। इसके लिए ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहने और पार्टी के हर कार्यक्रम को प्रचारित करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों को जोडऩे की अपील की। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला महामंत्री नवनीत जैन व आभार प्रदर्शन पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू द्वारा किया गया।

 

इस दौरान कार्यक्रम में शशांक ताम्रकार, हरप्रसाद वर्मा, जैनेन्द्र जंघेल, आनंद सिन्हा, नीलिमा गोस्वामी, दिनेश वर्मा, भावेश कोचर, आनंद पटेल, गोरेलाल वर्मा, राकेश ठाकुर, शत्रुहन साहू राजकुमार जंघेल, युवराज पटेल, बलराम जंघेल, पंकज सिंह, सन्तन साहू, धुर्वा राम वर्मा, केशव चंदेल, वंदना तांडेकर, श्यामसुंदर साहू, जयप्रकाश साहू, रेखचंद जंघेल, ललित सोनी, अवधेश मिश्रा, डोरेलाल साहू भानु प्रताप साहू सहित बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट